मालीपुर में चोरी के सामान के साथ युवक गिरफ्तार

पीतल का घंटा और नकदी बरामद- पुलिस को देखकर भागने लगा युवक, घेराबंदी कर पकड़ा गया; ताले तोड़ने में इस्तेमाल करता था सरिया

अंबेडकरनगर। मालीपुर थाना पुलिस ने चोरी की घटनाओं की जांच के दौरान रविवार देर रात एक युवक को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से पीतल का घंटा, लोहे की तीन सरिया, सफेद धातु की राखी और 3550 रुपये नकद बरामद हुए। तलाशी में युवक के पास से एक चाकू भी मिला।

गश्त के दौरान पुलिस को देखकर भागा

पुलिस टीम मालीपुर-खनूसपुर ताहापुर मार्ग पर रात में गश्त कर रही थी। इसी दौरान ताहापुर प्राथमिक विद्यालय की ओर एक युवक हाथ में झोला लेकर जाता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया तो वह भागने लगा।

पुलिस टीम ने घेराबंदी कर प्राथमिक विद्यालय के बगल स्थित सामुदायिक शौचालय के पास उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम विनय कुमार (20) पुत्र श्यामसुंदर, निवासी आजनपारा, थाना मालीपुर बताया।

झोले में मिला चोरी का सामान

पुलिस के मुताबिक तलाशी में कपड़े के झोले से करीब 1.5 किलोग्राम वजन का पीतल का घंटा, लोहे की तीन सरिया के टुकड़े और पारदर्शी पन्नी में सफेद धातु की राखी मिली। इसके अलावा 3550 रुपये नकद भी बरामद हुए। कमर की फेंट में एक चाकू मिला।

कजरी नन्दापुर से घंटा चोरी करने की बात कबूली

पुलिस के अनुसार पूछताछ में युवक ने बताया कि बरामद पीतल का घंटा ग्राम कजरी नन्दापुर से चोरी किया था। उसने यह भी बताया कि लोहे की सरिया का इस्तेमाल दुकान और मकान के ताले तोड़कर चोरी करने के लिए करता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button