विकास और राजस्व की संयुक्त रैंकिंग में अंबेडकरनगर नंबर वन

प्रदेश में विकास कार्यों में दूसरा और राजस्व में छठा स्थान, दोनों की रैंकिंग मिलाकर जिले ने हासिल की पहली पायदान

अंबेडकरनगर। विकास और राजस्व से जुड़े कामकाज की प्रदेशस्तरीय रैंकिंग में अंबेडकरनगर ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। दोनों क्षेत्रों की संयुक्त रैंकिंग में जिला पूरे प्रदेश में पहले स्थान पर रहा। विकास कार्यक्रमों में जिले को दूसरा और राजस्व कार्यों में छठा स्थान मिला है। अलग-अलग श्रेणियों में बेहतर प्रदर्शन के चलते संयुक्त सूची में जिले ने शीर्ष स्थान हासिल किया।

जिलाधिकारी ईशा प्रिया के नेतृत्व में विकास योजनाओं की प्रगति और राजस्व कार्यों की नियमित समीक्षा को इस उपलब्धि से जोड़कर देखा जा रहा है। मुख्य विकास अधिकारी वैभव मिश्रा, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योत्स्ना बंधु, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी अनुपम सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने के लिए समन्वय के साथ काम किया।

विकास योजनाओं से राजस्व कार्यों तक निगरानी

जिले में संचालित विकास योजनाओं की प्रगति पर नियमित नजर रखी जा रही है। अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुसार योजनाओं को आगे बढ़ाने और तय समयसीमा में लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। पात्र लाभार्थियों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ जनसमस्याओं के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर भी जोर है।

राजस्व कार्यों में भी निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करने और विभागीय कामकाज की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासनिक स्तर पर विभागों के बीच समन्वय और जवाबदेही सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि योजनाओं और राजस्व संबंधी कार्यों की प्रगति बनी रहे।

सामूहिक प्रयासों को दिया श्रेय

जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने संयुक्त रैंकिंग में प्रथम स्थान मिलने का श्रेय जिले के अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों को दिया। उन्होंने सभी विभागों से कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता बनाए रखने की अपेक्षा की। साथ ही विकास कार्यों को और गति देने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button