
- जिलेभर में शांतिपूर्ण माहौल में मनाई गई बकरीद
- ईदगाहों में सुबह से उमड़ी नमाजियों की भीड़
- नमाज के बाद गले मिलकर दी गई मुबारकबाद
- सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुआ त्योहार
अम्बेडकरनगर। ईद-उल-अजहा (बकरीद) का पर्व जिलेभर में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक ईदगाहों में नमाजियों की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही बच्चे, युवा और बुजुर्ग ईदगाहों की ओर पहुंचने लगे और नमाज अदा की।नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी। साथ ही अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी गई। पूरे दिन त्योहार को लेकर उत्साह और आपसी मेलजोल का माहौल बना रहा।
सुबह से ईदगाहों में जुटी भीड़, हर तरफ दिखा उत्साह
शहर की मुख्य ईदगाह में सुबह करीब 8:30 बजे पेश इमाम शकील अख्तर ने नमाज अदा कराई। वहीं मीरानपुर स्थित शिया जामा मस्जिद में सुबह 10 बजे नमाज संपन्न हुई, जहां मौलाना अली अकबर वायद जलालपुरी ने नमाज पढ़ाई।सुबह छह बजे से ही विभिन्न इलाकों से लोग ईदगाहों में पहुंचने लगे थे। नमाज के दौरान सभी ने खुदा के सामने सजदा कर देश और समाज में शांति, भाईचारे और खुशहाली की दुआ मांगी।
गले मिलकर दी बधाई, घरों में शुरू हुई कुर्बानी की परंपरा
नमाज पूरी होने के बाद ईदगाहों में गले मिलकर बकरीद की मुबारकबाद देने का सिलसिला शुरू हो गया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।इसके बाद घरों में कुर्बानी और जरूरतमंदों में जकात वितरण की परंपरा शुरू हुई। पूरे दिन समाज में सहयोग और साझा संस्कृति की झलक देखने को मिली।









