चेन्नई। तमिलनाडु भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष K. Annamalai ने शुक्रवार को नई राजनीतिक पार्टी बनाने का ऐलान किया। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो संदेश में उन्होंने कहा कि उनकी नई पार्टी वर्ष 2031 का तमिलनाडु विधानसभा चुनाव लड़ेगी।
अन्नामलाई ने कहा कि भाजपा में बने रहना या तमिल लोगों के हितों से जुड़ा रहना, यह फैसला उनके लिए बेहद कठिन था। उन्होंने बताया कि 4 दिसंबर 2025 को ही पार्टी नेतृत्व को अपने इस्तीफे की जानकारी दे दी थी, लेकिन उन्हें पहले चुनावी प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी गई थी।
गौरतलब है कि अन्नामलाई ने 2 जून को भाजपा से इस्तीफा दे दिया था, जिसका पत्र अब सार्वजनिक हुआ है। उन्होंने इस्तीफे का कारण बताते हुए कहा कि पिछले 18 महीनों से भाजपा की शीर्ष नेतृत्व के साथ उनके वैचारिक मतभेद चल रहे थे और तमिलनाडु की राजनीति को लेकर दोनों पक्षों की सोच अलग हो गई थी।
अन्नामलाई ने कहा कि वह करीब छह वर्ष पहले प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुए थे। उनका उद्देश्य तमिलनाडु की राजनीति में सकारात्मक बदलाव लाना था। हालांकि, उन्होंने माना कि बदलाव की कई लहरें उठीं, लेकिन वे स्थायी रूप नहीं ले सकीं।
उनके कार्यकाल के दौरान भाजपा ने 2021 और 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव लड़े, लेकिन पार्टी का वोट शेयर 2 प्रतिशत से अधिक नहीं बढ़ सका। अब नई पार्टी के गठन के साथ तमिलनाडु की राजनीति में नए समीकरण बनने की संभावना जताई जा रही है।









