
- 267 किलो से ज्यादा गांजा और नशीली गोलियां जब्त
- जब्त ड्रग्स की कीमत करीब 1.43 करोड़ रुपए
- मुख्यमंत्री के निर्देश पर चला विशेष अभियान
चेन्नई। तमिलनाडु पुलिस ने राज्यभर में अपराध और नशीले पदार्थों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए पिछले तीन दिनों में 3246 बदमाशों को हिरासत में लिया है। वहीं 419 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से अपराध जगत में हड़कंप मच गया है।
विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कुल 15,349 लोगों की जांच की। इनमें 12,650 हिस्ट्रीशीटर और 2,699 गैर-हिस्ट्रीशीटर शामिल थे। जांच के बाद 844 लोगों को विभिन्न कानूनी धाराओं के तहत न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
तमिलनाडु सरकार ने राज्य में ड्रग्स और अपराध पर लगाम लगाने के लिए हर जिले में करीब 65 एंटी-ड्रग टास्क फोर्स (ANTF) गठित करने का फैसला लिया था। इन्हीं टास्क फोर्स की मदद से नशीले पदार्थों की तस्करी, बिक्री और सेवन के खिलाफ यह बड़ा अभियान चलाया गया।
NDPS एक्ट के तहत पुलिस ने राज्यभर में 294 मामले दर्ज किए। कार्रवाई के दौरान 267.756 किलोग्राम गांजा और 2476 नशीली गोलियां बरामद की गईं। जब्त किए गए नशीले पदार्थों की अनुमानित कीमत करीब 1.43 करोड़ रुपए बताई गई है।
तमिलनाडु पुलिस महानिदेशक कार्यालय की ओर से जारी बयान में कहा गया कि यह अभियान मुख्यमंत्री के निर्देश पर चलाया गया। पुलिस राज्य में शांति व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है।









