महिला एवं प्रसूति विभाग से लेकर इमरजेंसी तक व्यवस्थाओं की हुई समीक्षा

अंबेडकर नगर। महानिदेशक चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण के निर्देश पर शनिवार को महामाया राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेज का वृहद स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण डॉ आरपी सिंह, आचार्य बाल रोग विभाग कानपुर मेडिकल कॉलेज तथा डॉ राजेश कुमार बरनवाल, संबद्ध प्रधानाचार्य चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण लखनऊ द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य मेडिकल कॉलेज में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं, शैक्षणिक गतिविधियों और बुनियादी सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन करना रहा।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अस्पताल एवं मेडिकल कॉलेज परिसर के लगभग सभी प्रमुख विभागों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। इसमें स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग, वार्डों में भर्ती मरीजों की स्थिति, बेड शीट, कूलर, पंखे, हीटर, रेडियोलॉजी विभाग, ब्लड बैंक, ऑपरेशन थिएटर, ओपीडी, इमरजेंसी, डायलिसिस यूनिट, एंबुलेंस सेवा, जन औषधि केंद्र, पेयजल व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधन शामिल रहा।

ओपीडी और वार्ड व्यवस्थाएं रहीं संतोषजनक
अधिकारियों ने ओपीडी में सीनियर डॉक्टरों की उपलब्धता, मरीजों की संख्या और उपचार प्रक्रिया की समीक्षा की। निरीक्षण में पाया गया कि ओपीडी में वरिष्ठ चिकित्सकों की उपस्थिति नियमित है और मरीजों को समय पर परामर्श मिल रहा है। वार्डों में भर्ती मरीजों की स्थिति, साफ-सफाई, बेड व्यवस्था और आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता को भी संतोषजनक बताया गया।

ऑपरेशन थिएटर में की जा रही सर्जरी की संख्या, संक्रमण नियंत्रण व्यवस्था और उपकरणों की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने कार्यप्रणाली को प्रभावी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button