
असम : असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजे आज घोषित हो रहे हैं। सुबह 4 मई को जैसे ही मतगणना शुरू हुई, राजधानी दिल्ली में Bharatiya Janata Party मुख्यालय पर हलचल तेज हो गई और जश्न की तैयारियां भी नजर आने लगीं।
गिनती के साथ ही पार्टी दफ्तर पर कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए बड़े स्तर पर भोजन की व्यवस्था की गई है। जानकारी के मुताबिक सुबह से ही सैकड़ों लोगों के लिए पारंपरिक नाश्ते और मिठाइयों की तैयारी शुरू हो गई थी।
मतगणना के बीच जश्न की तैयारी
न्यूज एजेंसी ANI से बातचीत में एक शेफ ने बताया कि सुबह 4 बजे से ही खाना बनाने का काम शुरू हो गया था। करीब 400 से 500 लोगों के लिए नाश्ते में सैंडविच, आलू पूरी, पोहा और जलेबी तैयार की गई है। इसके साथ लस्सी, ताजे फल, रबड़ी और मिष्ठी दोई भी शामिल हैं। दोपहर के भोजन के लिए दाल तड़का, कढ़ी पकोड़ा, सब्जी, चावल और पापड़ का विशेष मेन्यू रखा गया है। इस पूरी व्यवस्था को 20 से अधिक लोगों की टीम संभाल रही है।
823 सीटों पर जारी है काउंटिंग
इन पांच राज्यों और उपचुनावों की कुल 823 सीटों पर मतगणना जारी है। शुरुआत पोस्टल बैलेट से हुई, जबकि सुबह 8 बजकर 30 मिनट से ईवीएम की गिनती शुरू कर दी गई। मतगणना के हर राउंड के नतीजे Election Commission of India के आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जहां से लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं।









