पत्रकार के घर पर हमला, पुलिस की निष्क्रियता पर उठे सवाल

अम्बेडकरनगर। सम्मनपुर थाना क्षेत्र में एक पत्रकार के घर में घुसकर दबंगों द्वारा की गई मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस द्वारा तत्काल मुकदमा दर्ज न किए जाने से नाराज पत्रकारों के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। एसपी के हस्तक्षेप के बाद संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने और आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

घर में घुसकर लाठी-डंडों से हमला

घटना 24 दिसंबर की सुबह लगभग नौ बजे की है। पीड़ित पत्रकार रामकुशल मौर्य अपने पुराने और जर्जर भवन का नवीनीकरण कराने के उद्देश्य से उसे ध्वस्त करवा रहे थे। इसी दौरान गांव के कुछ दबंग एकजुट होकर उनके घर में घुस आए। आरोप है कि शुभम, सत्य प्रकाश उर्फ राजन और प्रेम प्रकाश उर्फ साजन सहित अन्य लोग लाठी-डंडों से लैस थे। उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और पत्रकार व उनके परिवार पर हमला कर दिया।

परिवार के सदस्यों को आई गंभीर चोटें

हमले में पत्रकार के परिवार के कई सदस्य घायल हुए। आरोप है कि पत्रकार की वृद्ध मां को भी बेरहमी से पीटा गया, जिससे उनके पैर में गंभीर चोट आई। हमलावरों ने घर में रखा सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया। शोर सुनकर गांव के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कराया, तब जाकर स्थिति संभली और परिवार की जान बच सकी।

पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

घटना के बाद पीड़ित पत्रकार ने सम्मनपुर पुलिस को तहरीर दी, लेकिन न तो घायलों का मेडिकल कराया गया और न ही मुकदमा दर्ज किया गया। इसी को लेकर पत्रकारों में आक्रोश फैल गया। पीड़ित परिवार का कहना है कि हमले के बाद से वे डरे और सहमे हुए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button