- युवक पर पूर्व नियोजित हमला, गाड़ी से कुचलने की कोशिश
- हमलावरों ने नकदी लूटी और की फायरिंग
- आरोपी खुलेआम घूम रहे, 24 घंटे बाद भी गिरफ्तारी नहीं
अंबेडकरनगर। भीटी थाना क्षेत्र में बेलगाम हो चुके दबंगों की सनसनीखेज हरकत ने कानून व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है। अकबरपुर कोतवाली अंतर्गत बेनीपुर गांव में युवक पर जानलेवा हमला कर फरार हुए नामजद आरोपियों के खिलाफ पुलिस की अब तक की निष्क्रियता को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश साफ झलक रहा है।
हमले के पीछे थी सोची-समझी साजिश
खरगपुर गांव निवासी कक्कू की ओर से दी गई तहरीर के अनुसार, उसका छोटा भाई अमर सिंह 3 जुलाई को निजी कार्यवश बेनीपुर गया था। वहां पहले से घात लगाए बैठे हीडी पकड़िया के राजा पांडेय, विवेक सिंह, अवधेश यादव और अनुराग तिवारी ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से पीटना शुरू कर दिया।
गाड़ी से कुचलने की कोशिश, हालत नाजुक
मारपीट के दौरान अमर किसी तरह जान बचाकर भागा लेकिन हमलावरों ने उसका पीछा करते हुए उसे सड़क पर गिरा दिया और फिर तेज रफ्तार वाहन से कुचलने की कोशिश की। हमले में अमर का एक पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। वह बेहोशी की हालत में जिला अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है।
फायरिंग और लूट की भी पुष्टि
घटना के बाद हमलावरों ने पीड़ित की जेब से नकदी भी निकाल ली और मौके पर पिस्टल से फायरिंग करते हुए फरार हो गए। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, पूरी घटना न केवल पूर्व नियोजित थी, बल्कि इसका उद्देश्य जान से मारना भी था।








