अकबरपुर – बी एन के बी पी जी कॉलेज में मिशन शक्ति इकाई द्वारा छात्र–छात्राओं के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को यौन उत्पीड़न, बाल सुरक्षा, गुड टच–बैड टच और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर जागरूक करना था। कॉलेज के विभिन्न विभागों के शिक्षकों ने प्रतिभागियों को सुरक्षित व्यवहार, सतर्कता और शिकायत की प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
मिशन शक्ति फेज-5 से छात्राओं को अवगत कराया गया
कार्यक्रम की शुरुआत IQAC समन्वयक प्रो सिद्धार्थ पांडेय ने की। उन्होंने मिशन शक्ति फेज-5 के प्रमुख उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, स्वावलंबन और जागरूकता के लिए विशेष रूप से चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि समाज में बढ़ते यौन उत्पीड़न के मामलों को देखते हुए छात्र-छात्राओं को सुरक्षा संबंधी जानकारी का होना अत्यंत आवश्यक है। पांडेय ने छात्रों से आग्रह किया कि किसी भी संदिग्ध परिस्थिति या व्यवहार पर तुरंत उचित मंच पर शिकायत दर्ज करें।
बाल उत्पीड़न पर मनोविज्ञान विभाग ने की विस्तृत चर्चा
मनोविज्ञान विभाग के सहायक आचार्य विनय कुमार ने कहा कि बाल उत्पीड़न के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, लेकिन सामाजिक संकोच और लोक लाज के कारण बहुत कम मामले सामने आ पाते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि छात्र–छात्राएं जागरूक हों और अपने अधिकारों को जानें, तो किसी भी प्रकार की गलत घटना का विरोध कर सकते हैं। विनय कुमार ने छात्रों को व्यवहारिक उदाहरण देकर बताया कि किस प्रकार गुड टच और बैड टच की पहचान कर स्वयं को सुरक्षित रखा जा सकता है।
करीबी रिश्तों में बढ़ रहे मामलों पर इंग्लिश विभाग ने जताई चिंता
अंग्रेजी विभाग के सहायक आचार्य संतोष कुमार ने कहा कि आज सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि बाल उत्पीड़न के अधिकतर मामले परिवार या परिचितों के बीच से सामने आ रहे हैं।








