
- चौथे शनिवार और रविवार से शुरू होंगी छुट्टियां
- SBI कर्मचारियों की दो दिन की प्रस्तावित हड़ताल
- बकरीद के चलते कई राज्यों में बैंक रहेंगे बंद
नई दिल्ली। State Bank of India (SBI) के ग्राहकों को बैंक शाखा से जुड़े जरूरी काम शुक्रवार, 22 मई तक निपटा लेने की सलाह दी गई है। ऐसा इसलिए क्योंकि 23 मई से 28 मई 2026 के बीच बैंक शाखाएं लगातार छह दिनों तक प्रभावित रह सकती हैं।
इसकी मुख्य वजह वीकेंड की छुट्टियां, SBI कर्मचारियों की प्रस्तावित दो दिवसीय हड़ताल और बकरीद के अवसर पर घोषित बैंक अवकाश हैं।
क्यों बंद रह सकती हैं SBI शाखाएं?
वीकेंड की छुट्टियां
23 मई को महीने का चौथा शनिवार और 24 मई को रविवार है। बैंकिंग नियमों के अनुसार दूसरे और चौथे शनिवार के साथ रविवार को देशभर में बैंक बंद रहते हैं।
कर्मचारियों की हड़ताल
All India State Bank of India Staff Federation (AISBISF) ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर 25 और 26 मई को दो दिन की देशव्यापी हड़ताल का प्रस्ताव रखा है। इससे बैंकिंग सेवाओं पर असर पड़ सकता है।
बकरीद की छुट्टियां
Eid al-Adha (बकरीद) के चलते देश के अधिकांश हिस्सों में 27 मई को बैंक बंद रहेंगे, जबकि कुछ राज्यों में 28 मई को भी अवकाश रहेगा। Jammu and Kashmir में 27 और 28 मई दोनों दिन बैंक बंद रहने की संभावना है।
हड़ताल का क्या असर होगा?
यह हड़ताल मुख्य रूप से ‘वर्कमेन कैटेगरी’ यानी क्लर्क और अन्य स्टाफ से जुड़ी है। ऐसे में चेक क्लियरिंग, कैश काउंटर, पासबुक अपडेट और अन्य शाखा सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
AISBISF का कहना है कि कर्मचारियों के अधिकारों की सुरक्षा, बेहतर कार्य परिस्थितियों और ग्राहकों के हितों को ध्यान में रखते हुए यह हड़ताल बुलाई गई है। संगठन ने अपनी 16 मांगों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है।









