
हुगली : पश्चिम बंगाल के हुगली जिले में सोमवार को तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद मिताली बाग की कार पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। यह हमला उस समय हुआ जब वह गोगहाट से आरामबाग में अभिषेक बनर्जी के रोड शो में शामिल होने जा रही थीं।
हमले में सांसद की गाड़ी के शीशे टूट गए और उन्हें तथा उनके ड्राइवर को चोटें आई हैं। दोनों को इलाज के लिए आरामबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद मिताली बाग मीडिया के सामने भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर बड़े-बड़े पत्थर फेंके और वह किसी तरह अपनी जान बचाकर निकल सकीं।
तृणमूल कांग्रेस ने इस हमले के लिए भाजपा समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया है। पार्टी का आरोप है कि गोगहाट में ईंट-पत्थर और लाठियों से हमला किया गया। TMC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान को भी इस घटना से जोड़ा है।
वहीं पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान सिंतु संत्रा, सनातन संत्रा और राजकुमार रॉय के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है।









