पंजाब पुलिस से घिरा बैंक फ्रॉड का आरोपी

  • मथुरा की राधा वैली कॉलोनी में पंजाब पुलिस ने की छापेमारी
  • बैंक फ्रॉड का आरोपी 9वीं मंजिल की बालकनी में बंद होकर दी कूदने की धमकी
  • 3 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड ने आरोपी को पकड़ा

मथुरा। शहर की पॉश कॉलोनी राधा वैली उस समय सनसनी से भर गई जब 100 करोड़ के फाइनेंशियल फ्रॉड का आरोपी बैंक कर्मी अमित ढींगरा ने गिरफ्तारी से बचने के लिए 9वीं मंजिल की बालकनी में खुद को बंद कर लिया और कूदने की धमकी देने लगा। यह हाई वोल्टेज ड्रामा करीब 3 घंटे तक चला। मौके पर पहुंची मथुरा पुलिस, फायर ब्रिगेड और पंजाब पुलिस की संयुक्त कार्रवाई के बाद आरोपी को सकुशल काबू में लिया गया।

बालकनी में किया खुद को बंद, दी आत्महत्या की धमकी
आरोपी अमित ढींगरा पंजाब के फरीदपुर में एक बैंक में काम करता था और उस पर करीब 100 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप है। पंजाब पुलिस की एक टीम मंगलवार को मथुरा के थाना हाईवे क्षेत्र स्थित राधा वैली कॉलोनी में उसे गिरफ्तार करने पहुंची। आरोपी 9वीं मंजिल पर स्थित 903 नंबर फ्लैट में किराए पर रह रहा था। जैसे ही टीम ने दरवाजा खटखटाया, अमित बालकनी में जाकर खड़ा हो गया और कूदने की धमकी देने लगा।

पुलिस-फायर ब्रिगेड ने चलाया ऑपरेशन, 3 घंटे बाद पकड़ा गया आरोपी
सूचना मिलते ही थाना हाइवे प्रभारी शैलेन्द्र सिंह और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत कर 3 घंटे बाद आरोपी को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद पंजाब पुलिस उसे गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई।

Back to top button