यूपी में प्री-मानसून का असर: 21 शहरों में आंधी-तूफान की चेतावनी

17-20 जून के बीच मानसून एंट्री की संभावना, कई जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी

वाराणसी, प्रयागराज, कानपुर, मेरठ। उत्तर प्रदेश में प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 21 शहरों में आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। वहीं 5 जिलों में बारिश का अलर्ट भी जारी किया गया है।

हालांकि रविवार सुबह अधिकांश जिलों में हल्की धूप देखने को मिली, जबकि कुछ स्थानों पर बादल छाए रहे। उमस बढ़ने से लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के अनुसार हरियाणा के आसपास पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जिसके चलते प्री-मानसून बारिश देखने को मिल रही है। उन्होंने बताया कि 17 से 20 जून के बीच मानसून यूपी में सोनभद्र और ललितपुर के रास्ते प्रवेश कर सकता है। फिलहाल मानसून बिहार तक पहुंच चुका है।

आमतौर पर उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री 20 जून तक होती है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण इसकी तारीख में बदलाव की संभावना जताई जा रही है।

शनिवार को प्रदेश के 25 जिलों में आंधी-बारिश दर्ज की गई, जिसमें श्रावस्ती और सिद्धार्थनगर में 6.8 मिमी सबसे अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई। प्रयागराज और लखनऊ में तेज आंधी आई, जबकि कानपुर में जलभराव की स्थिति बनी।

पिछले 24 घंटे में आंधी-बारिश से जुड़े हादसों में 5 लोगों की मौत भी हुई है। उन्नाव और गाजीपुर में आकाशीय बिजली गिरने से दो किसानों की जान चली गई, जबकि कासगंज में आंधी के दौरान मकान का लिंटर गिरने से पति-पत्नी और बेटी की मौत हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button