पश्चिम बंगाल : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। हिमंत बिस्व शर्मा ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद पार्टी उम्मीदवारों पर हमले करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा असम में 100 और पश्चिम बंगाल में 200 सीटें जीतकर सरकार बनाएगी।
ममता बनर्जी पर निशाना
सरमा ने ममता बनर्जी जीत के दावे पर पलटवार करते हुए कहा कि उनके बयान हार की आहट दे रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ममता के भाषण का लहजा अब बदल चुका है और जनता बदलाव चाहती है।
चुनाव आयुक्त को ‘भारत रत्न’ देने की मांग
सरमा ने ज्ञानेश कुमार की तारीफ करते हुए उन्हें ‘भारत रत्न’ देने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि देश उनके योगदान को नहीं भूलेगा और जिस तरह SIR लागू किया गया है, उसे असम में भी लागू किया जाना चाहिए।
विपक्ष का पलटवार
वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिबब्ल ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में मतदाताओं को उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त को ‘पद्म भूषण’ दिया जाना चाहिए।
रिकॉर्ड मतदान ने तोड़े आंकड़े
चुनाव आयोग के अनुसार, इस बार वेस्ट बंगाल और तमिलनाडु में रिकॉर्ड मतदान दर्ज किया गया है। पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 152 सीटों पर वोटिंग हुई, जबकि तमिलनाडु की सभी 234 सीटों पर मतदान कराया गया। रात 10 बजे तक पश्चिम बंगाल में 92.66 प्रतिशत और तमिलनाडु में 85.14 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ, जो अब तक के सभी रिकॉर्ड तोड़ चुका है। चुनावी माहौल के बीच बढ़ती बयानबाजी और रिकॉर्ड मतदान ने यह साफ कर दिया है कि इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प और कड़ा होने वाला है।









