- सेंसेक्स 900 अंक और निफ्टी 300 अंक गिरा
- 30 में से 25 सेंसेक्स शेयरों में गिरावट
- रियल्टी, फाइनेंशियल और ऑयल-गैस सेक्टर कमजोर
मुंबई। शुक्रवार, 9 मई को हफ्ते के आखिरी कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ खुले। शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स 900 अंक टूटकर 79,400 के स्तर पर पहुंच गया। निफ्टी में भी 300 अंकों की गिरावट देखी गई और यह 24,000 के नीचे आ गया।
सेंसेक्स के 30 में से 25 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई। पावर ग्रिड, टाटा स्टील और ICICI बैंक समेत 12 शेयरों में 2% तक की गिरावट आई। वहीं, टाइटन, लार्सन एंड टुब्रो और टाटा मोटर्स के शेयर 4% तक चढ़े।
निफ्टी के 50 में से 45 स्टॉक्स लाल निशान में दिखे। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो रियल्टी 1.98%, फाइनेंशियल सर्विसेज 1.21%, ऑयल एंड गैस 1%, प्राइवेट बैंक 0.99%, मीडिया 0.97%, IT 0.89% और मेटल 0.82% टूटे। सरकारी बैंक और कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सेक्टर में हल्की तेजी रही।
ग्लोबल मार्केट्स में मिला-जुला रुख
एशियाई बाजारों में जापान का निक्केई 474 अंक की तेजी के साथ 37,403 पर कारोबार कर रहा है। कोरिया का कोस्पी 0.20% गिरा और 2,574 पर है। हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग इंडेक्स मामूली बढ़त के साथ 22,777 पर और चीन का शंघाई कंपोजिट हल्की गिरावट के साथ 3,343 पर कारोबार कर रहा है।
अमेरिकी बाजार गुरुवार को हरे निशान पर बंद हुए। डाउ जोन्स 254 अंक चढ़कर 41,368 पर, नैस्डैक 190 अंक बढ़कर 17,928 पर और S&P 500 में 0.58% की तेजी आई।
विदेशी निवेशकों की खरीदारी जारी
8 मई को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने भारतीय बाजार में 2,007.96 करोड़ रुपए की खरीदारी की। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने 596.25 करोड़ रुपए के शेयर्स बेचे। अप्रैल में FIIs ने कुल 2,735 करोड़ और DIIs ने 28,228 करोड़ रुपए की नेट खरीदारी की थी।
गुरुवार को भी बाजार गिरा था
8 मई को सेंसेक्स 412 अंक गिरकर 80,335 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 141 अंक फिसलकर 24,274 पर बंद हुआ। सेंसेक्स के 30 में से 26 स्टॉक्स में गिरावट रही। Zomato का शेयर 3.97% टूटा, जबकि महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, मारुति और टाटा स्टील के स्टॉक्स 3.5% तक नीचे गए। वहीं, HCL, एक्सिस बैंक और टाइटन जैसे स्टॉक्स में हल्की तेजी रही।
पाकिस्तानी बाजार में भारी गिरावट, दो दिन में 10,000 अंक टूटा
भारत की ओर से पाकिस्तान के कई बड़े शहरों में किए गए ड्रोन अटैक की खबरों के बाद कराची स्टॉक एक्सचेंज में हड़कंप मच गया। 8 मई को KSE-100 इंडेक्स 7,241 अंक यानी 6.58% गिरकर 102,767 पर बंद हुआ। इस भारी गिरावट के चलते ट्रेडिंग रोकनी पड़ी। एक दिन पहले भी बाजार में 3,556 अंक की गिरावट आई थी। दो दिन में पाकिस्तानी बाजार करीब 10,000 अंक लुढ़क चुका है।
22 अप्रैल के पहलगाम हमले के बाद से अब तक KSE-100 इंडेक्स में 13% की गिरावट आ चुकी है।








