
- CBSE की वेबसाइट 5 दिन से लगातार क्रैश
- आंसर-शीट स्कैन कॉपी आवेदन की अंतिम तारीख आज
- छात्रों को पेमेंट फेल और रिफंड की समस्या
- री-इवैल्युएशन के लिए रिकॉर्ड आवेदन पहुंचे
नई दिल्ली। CBSE बोर्ड की आंसर-शीट की स्कैन कॉपी और री-इवैल्युएशन प्रक्रिया इस बार तकनीकी खामियों के कारण विवादों में घिर गई है। बोर्ड ने 19 मई से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू की थी, जिसकी अंतिम तारीख पहले 23 मई तय की गई थी। हालांकि वेबसाइट लगातार क्रैश होने की शिकायतों के बाद इसे बढ़ाकर 24 मई कर दिया गया।
इसके बावजूद शनिवार को भी वेबसाइट सही तरीके से काम नहीं कर पाई। कई छात्रों का कहना है कि पोर्टल खुलने के बाद भी एक स्टेप आगे बढ़ने के लिए पेज को 10-10 बार रिफ्रेश करना पड़ रहा है। कुछ छात्रों को पेमेंट सफल होने और आवेदन सबमिट होने का मैसेज मिला, लेकिन बाद में अचानक रिफंड का मैसेज आ गया और आवेदन निरस्त दिखाया गया।
CBSE चेयरमैन राहुल सिंह ने माना कि वेबसाइट पर अनधिकृत हस्तक्षेप की कोशिशें हुईं, जिसकी वजह से तकनीकी दिक्कतें सामने आईं। वहीं केंद्रीय शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan ने भी सर्वर डाउन, पेमेंट फेल और धुंधली कॉपी मिलने जैसी शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए बोर्ड से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है।
इस बार री-इवैल्युएशन के लिए रिकॉर्ड संख्या में आवेदन आए हैं। शुरुआती तीन घंटे में ही करीब 1.26 लाख आवेदन दर्ज किए गए थे। बोर्ड ने इसके बाद डेटा अपडेट करना बंद कर दिया। अनुमान है कि इस बार 7% से अधिक छात्रों ने कॉपी दोबारा जांचने के लिए आवेदन किया है, जबकि पिछले वर्षों में यह आंकड़ा 2-3% के बीच रहता था।









