सीएम योगी आदित्यनाथ का बाराबंकी में बड़ा बयान
बाबरी मस्जिद पुनर्निर्माण पर बोले—कभी संभव नहीं
कयामत के इंतज़ार को बताया भ्रम
बाराबंकी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बाराबंकी में एक कार्यक्रम के दौरान बाबरी मस्जिद के पुनर्निर्माण को लेकर सख्त और स्पष्ट बयान दिया। उन्होंने कहा कि कयामत की रात कभी नहीं आएगी, इसलिए बाबरी मस्जिद का पुनर्निर्माण कभी संभव नहीं है। जो लोग कयामत के दिन का सपना देख रहे हैं, वे भ्रम में जी रहे हैं।
सीएम योगी ने कहा कि लोगों को कयामत के इंतजार में जीवन नहीं बिताना चाहिए, बल्कि हिंदुस्तान में कानून और नियमों के तहत रहना सीखना चाहिए। उन्होंने दो टूक कहा कि जो कानून तोड़ेगा, उसके लिए कोई जगह नहीं है और ऐसे लोग सीधे सजा के भागीदार बनेंगे।
मुख्यमंत्री ने डबल इंजन सरकार का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने जो कहा, वह करके दिखाया। उन्होंने राम मंदिर निर्माण का उदाहरण देते हुए कहा, “हमने कहा था रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे और आज मंदिर बन चुका है। इसमें किसी को कोई संदेह नहीं होना चाहिए।”
सीएम योगी ने कहा कि जो लोग भगवान राम को भूल जाते हैं, भगवान राम भी उन्हें भूल जाते हैं। ऐसे लोगों की नैया कभी पार नहीं होती। उन्होंने कहा कि राम सबके हैं और इसमें कोई भेदभाव नहीं है, लेकिन जो लोग रामद्रोह में लिप्त रहे, उनके लिए अब कोई स्थान नहीं है।
उन्होंने आगे कहा कि जो लोग रामभक्तों पर गोलियां चलाते थे, आज वे खुद हाशिए पर चले गए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि सरकार कानून के दायरे में रहकर काम कर रही है और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।







