मिशन 2027 की तैयारी में जुटी भाजपा

16 शक्ति केंद्रों पर एक साथ हुई संगठनात्मक बैठकें

अंबेडकरनगर। आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक गतिविधियों को तेज कर दिया है। रविवार को भाजपा मंडल जहांगीरगंज की ओर से एक साथ 16 शक्ति केंद्रों पर बैठक आयोजित कर संगठन की मजबूती, बूथ प्रबंधन और सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठकों में पार्टी पदाधिकारियों और पूर्व विधायकों ने कार्यकर्ताओं से अभी से गांव-गांव जाकर लोगों से संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।

“मिशन 2027 फतह करने के लिए अभी से जुट जाएं कार्यकर्ता”

गनपतपुर शक्ति केंद्र पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक त्रिवेणी राम ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को मिशन 2027 की तैयारी अभी से शुरू कर देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर जाकर केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। उन्होंने आयुष्मान कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वयं सहायता समूह, हर घर शौचालय और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार की योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। कार्यकर्ताओं को इन योजनाओं के लाभार्थियों से लगातार संपर्क बनाए रखने की जरूरत है।

“धरातल पर दिख रहा योजनाओं का असर”

भाजपा मंडल अध्यक्ष अरविंद उपाध्याय ने शासन की योजनाओं पर चर्चा करते हुए कहा कि आज हर पात्र व्यक्ति को बिना भेदभाव उसका अधिकार मिल रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की योजनाएं धरातल पर दिखाई दे रही हैं, जबकि पूर्ववर्ती सरकारों में अधिकांश योजनाएं केवल कागजों तक सीमित रहती थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button