अम्बेडकरनगर। भीटी थाना क्षेत्र में जमीन विवाद को लेकर एक महिला के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता प्रेमा पत्नी रामू ने एसपी को दिए शिकायती पत्र में बताया कि राजस्व ग्राम भीटी स्थित गाटा संख्या 609/0.0630 हेक्टेयर भूमि पर उनके पति संक्रमणीय भूमिधर हैं। आरोप है कि कुछ लोग उक्त भूमि पर कब्जे की नीयत से ईंट गिरवा रहे थे।
विरोध करने पर मारपीट का आरोप
प्रार्थना पत्र के अनुसार, सूचना मिलने पर प्रेमा अपनी मां के साथ मौके पर पहुंचीं और इसका विरोध किया। आरोप है कि इसके बाद विवाद बढ़ गया और विपक्षी पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। पीड़िता का आरोप है कि उनके साथ लाठी-डंडों, लात-घूंसों से मारपीट की गई।
महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया और उनके कपड़े फाड़ दिए गए। घटना में उनकी मां भी घायल हुईं।
डायल 112 की सूचना पर पहुंची पुलिस
पीड़िता के अनुसार, घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद घायल महिलाओं को 108 एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया गया।









