- शहीद बजरंगी विश्वकर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण और उनके भाई का सम्मान
- कांग्रेस सरकारों पर सैनिकों की अनदेखी का आरोप
- जिले के प्रमुख भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता कार्यक्रम में रहे मौजूद
अंबेडकरनगर। कारगिल युद्ध की ऐतिहासिक विजय की स्मृति में भारतीय जनता पार्टी द्वारा शनिवार को जिला कार्यालय अटल भवन में कारगिल विजय दिवस गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन पूर्व जिला उपाध्यक्ष अमित पांडेय ने किया, जबकि जिलाध्यक्ष त्रयंबक तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजन सम्पन्न हुआ।
गोष्ठी के मुख्य अतिथि भाजपा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा ने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो शहीदों और उनके परिवारों को सच्चा सम्मान देती है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 में कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय सेना ने विषम परिस्थितियों में दुश्मन को पीछे धकेलते हुए चोटी पर तिरंगा फहराया था। यह विजय भारतीय सैन्य पराक्रम का प्रतीक है। उन्होंने लखनऊ के शहीद कैप्टन मनोज पांडेय की वीरता का उल्लेख करते हुए बताया कि भाजपा सरकार ने उनकी प्रतिमा स्थापित कर चौराहे का नामकरण उनके नाम पर किया।
शहीद बजरंगी विश्वकर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजीव मिश्रा ने कारगिल युद्ध के वीर शहीद बजरंगी विश्वकर्मा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और उनके बड़े भाई रामजीत विश्वकर्मा को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना
राजीव मिश्रा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने शहीदों को घर तक राजकीय सम्मान के साथ पहुंचाया और उनके परिवारों को पेट्रोल पंप तथा गैस एजेंसी जैसी सहायता दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारों ने कभी भी सैनिकों और उनके परिवारों के सम्मान की चिंता नहीं की।








