
पुणे। भाजपा प्रवक्ता शहजाद पूनावाला की मां यास्मीन पूनावाला एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। यह घटना 3 फरवरी की शाम करीब 6 बजे पुणे के एक पेट्रोल पंप पर हुई, जहां एक कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी।
हादसे के बाद यास्मीन पूनावाला को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
CCTV में कैद हुआ हादसा
यह पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि यास्मीन पूनावाला पेट्रोल पंप पर साइड में खड़ी थीं, जबकि उनकी और स्टाफ की कारों में पेट्रोल डलवाया जा रहा था।
इसी दौरान एक सफेद रंग की कार पीछे की ओर रिवर्स होती हुई उनके पास आई और अचानक उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
ध्यान भटकने से हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि उस समय यास्मीन का ध्यान दूसरी ओर था, जिस कारण उन्हें पास आती कार का अंदाजा नहीं हो सका। टक्कर लगते ही वे जमीन पर गिर पड़ीं।
ड्राइवर मौके से फरार
हादसे के बाद पेट्रोल पंप पर मौजूद लोग और यास्मीन का स्टाफ तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़े। इसी बीच कार चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार ड्राइवर की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार करने की बात कही जा रही है।









