अम्बेडकरनगर के संयुक्त जिला चिकित्सालय, अकबरपुर में रविवार को विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रक्तदान शिविर एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव नीलम वर्मा और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा० पी०एन० यादव ने संयुक्त रूप से ब्लड बैंक यूनिट में फीता काटकर किया।
इस दौरान चिकित्सालय कर्मी, पराविधिक स्वयं सेवक, स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य और आमजन उपस्थित रहे।
रक्तदान के लिए उमड़ा उत्साह, दो दर्जन से अधिक ने किया दान
शिविर में विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और स्वयंसेवकों ने रक्तदान किया। दो दर्जन से अधिक लोगों ने उत्साह के साथ रक्तदान कर मानवता का संदेश दिया। सभी रक्तदाताओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करते हुए शपथ भी दिलाई गई।
रक्तदान करने वालों में सुनील यादव, अर्जुन गुप्ता, नवनीत पाठक, संजीव त्रिपाठी, अतुल वर्मा, आदित्य वर्मा और धनंजय सिंह सहित अन्य लोग शामिल रहे।
“रक्तदान है जीवनदान” – जागरूकता संदेश
जागरूकता कार्यक्रम में सचिव नीलम वर्मा ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार हर वर्ष 14 जून को विश्व रक्तदाता दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य सुरक्षित रक्त की उपलब्धता और स्वैच्छिक रक्तदान को बढ़ावा देना है।
उन्होंने बताया कि यह दिन वैज्ञानिक कार्ल लैंडस्टीनर के जन्मदिवस पर मनाया जाता है, जिन्होंने एबीओ रक्त समूह की खोज कर सुरक्षित रक्त आधान की नींव रखी।
समय पर रक्त उपलब्धता से बचती हैं जानें
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डा० पी०एन० यादव ने बताया कि कई बार समय पर रक्त न मिलने से मरीजों की जान चली जाती है। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक सुरक्षित प्रक्रिया है, जो किसी जरूरतमंद के लिए जीवनरक्षक साबित होती है।
कार्यक्रम में रक्तदान प्रक्रिया, पात्रता और इससे जुड़ी भ्रांतियों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। लोगों को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित किया गया।









