खून से सना घर: चार बच्चों की हत्या से सनसनी, मां गायब

मीरानपुर में बंद दरवाजे के पीछे मिला भयावह मंजर, पुलिस जांच तेज

अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर के अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मीरानपुर मोहल्ले में शनिवार को एक ऐसी वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। एक घर के अंदर चार मासूम बच्चों की हत्या कर दी गई। शव बिस्तर पर खून से सने हालत में मिले। घटना के बाद बच्चों की मां गायब है, जिससे मामला और पेचीदा हो गया है।

मृतकों में शफीक (14), सऊद (10), उमर (8) और 7 वर्षीय बच्ची शामिल हैं। सभी बच्चे अपनी मां गासिया खातून के साथ घर में रहते थे।

कई घंटे बंद रहा घर, फिर टूटा सन्नाटा

शनिवार सुबह से ही घर का दरवाजा बंद था। पड़ोसियों ने कई बार आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। दोपहर तक भी कोई हलचल न होने पर लोगों को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई।

112 नंबर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे तोड़कर टीम अंदर दाखिल हुई।

अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी कुछ पल के लिए स्तब्ध रह गए। कमरे में चार बच्चों के शव बिस्तर पर पड़े थे। खून के निशान दीवारों और फर्श पर फैले थे।

हत्या का तरीका बना रहस्य, ईंट से हमला का शक

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्चों पर ईंट से हमला किया गया है। कुछ चोटों के निशान गले और सिर पर भी पाए गए हैं।

कमरे में किसी बाहरी व्यक्ति के आने-जाने के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। यही वजह है कि पुलिस जांच अब परिवार के भीतर केंद्रित हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button