जमीन विवाद में खूनी संघर्ष, कई घायल

पीड़ित पक्ष ने पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल

अंबेडकरनगर। अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के अमरोला गांव में जमीन विवाद को लेकर रविवार सुबह दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। घटना में कई लोग घायल हो गए। घायल पक्ष ने पुलिस पर मामले में प्रभावी कार्रवाई न करने और आरोपितों को बचाने का आरोप लगाया है।

पीड़ित रणधीर ने बताया कि उसकी माता के नाम दर्ज जमीन को लेकर गांव के कुछ लोगों से विवाद चल रहा है। आरोप है कि सुबह करीब साढ़े पांच बजे विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला कर दिया। मारपीट में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर गिर पड़ा।

बचाने पहुंचे परिजनों से भी मारपीट का आरोप

पीड़ित पक्ष के अनुसार, शोर सुनकर परिवार के सदस्य मौके पर पहुंचे तो हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। आरोप है कि घर में घुसकर महिलाओं के साथ अभद्रता की गई और घरेलू सामान को नुकसान पहुंचाया गया। नल तोड़े जाने और अन्य सामान क्षतिग्रस्त करने की भी शिकायत की गई है।

सूचना पर पहुंची पुलिस, घायलों को भेजा अस्पताल

घटना की जानकारी मिलने के बाद डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अकबरपुर भेजा, जहां उनका उपचार कराया गया। हालांकि घायल पक्ष का आरोप है कि गंभीर आरोपों के बावजूद मामले में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।

निष्पक्ष जांच की मांग

पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं और समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। मामले को लेकर गांव में चर्चा का माहौल है। पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button