
- सचिवालय के पास कार से मिली किशोरी की लाश
- NGO संचालक शव को हरिद्वार ले जाने की तैयारी में था
- मृतका कुशीनगर की रहने वाली थी
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सामने आएगी मौत की वजह
लखनऊ। लखनऊ में सचिवालय के पास खड़ी एक इनोवा कार से 16 वर्षीय किशोरी का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मामला तब सामने आया जब एक गैर सरकारी संगठन (NGO) का संचालक शव को हरिद्वार ले जाने की तैयारी में था। सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान पारुल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से कुशीनगर जिले की रहने वाली थी। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में NGO संचालक ने दावा किया है कि किशोरी ने आत्महत्या की थी। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक गोमती नगर निवासी रितेश रंजन चौबे 28 और 29 मई की दरम्यानी रात करीब 12:30 बजे गोमती नगर थाने पहुंचे और घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुशीनगर निवासी अभिषेक सक्सेना उनके ड्राइवर हैं और उनकी बेटी पारुल लखनऊ के विशाल खंड स्थित सार्वजनिक शिक्षकोन्नयन संस्थान में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
बताया गया कि किशोरी संस्थान के एक कमरे में मृत मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस रितेश रंजन चौबे के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस ने मृतका के पिता अभिषेक सक्सेना से भी संपर्क किया है। बताया जा रहा है कि वह वर्तमान में NGO संचालक के परिवार के साथ मसूरी गए हुए हैं और पेशे से ड्राइवर हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्हें लखनऊ बुलाया गया है।









