- फोरलेन किनारे होटलों पर देह व्यापार का आरोप
- ग्रामीणों ने सड़क पर किया था प्रदर्शन
- विधायक ने प्रशासन को पत्र लिखकर की कार्रवाई की मांग
गोरखपुर। गोरखपुर के कोनी गांव में मंगलवार को एक अहम पंचायत आयोजित की गई, जिसमें फोरलेन बाईपास के किनारे चल रहे होटलों में देह व्यापार को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने खुलकर आवाज उठाई। पंचायत में चौरी चौरा के विधायक ई. सरवन निषाद भी शामिल हुए और उन्होंने इस मुद्दे को लेकर सख्त कार्रवाई की बात कही।
“भारतीय संस्कृति को बदनाम नहीं होने देंगे”: विधायक
विधायक ई. सरवन निषाद ने पंचायत में कहा,
“भारतीय संस्कृति को बदनाम करने की छूट किसी को नहीं दी जाएगी। फोरलेन किनारे जो लोग इस अवैध गतिविधि में शामिल हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन को पहले ही पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की जा चुकी है।”
पुलिस बोली- मिलेगी शिकायत, तो होगी कार्रवाई
पंचायत में कैंट और चौरी चौरा सर्किल के सीओ, साथ ही एम्स और खोराबार थाने के प्रभारी मौजूद रहे। सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने कहा,
“यदि इस संबंध में शिकायत प्राप्त होती है, तो तत्काल FIR दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ी तो होटल सील कर दिए जाएंगे। पुलिस अपनी तरफ से भी जांच कराएगी।”
ग्रामीणों का आरोप- हो रही समाज की बदनामी
पंचायत में अराजी बसडीला, माड़ापार, कोनी और मठिया गांव के सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। अराजी बसडीला के प्रधान प्रतिनिधि सुरेंद्र मोहन ने कहा,
“अगर इन होटलों में चल रही अवैध गतिविधियों पर रोक नहीं लगी, तो क्षेत्र की छवि खराब होगी, और शादियों में दिक्कतें आएंगी। हम इस काम को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेंगे।”
पहले भी हुआ था प्रदर्शन, फिर हुई पंचायत
इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय ग्रामीणों ने पहले भी सड़क पर प्रदर्शन किया था। बाद में विधायक ई. सरवन निषाद को ज्ञापन सौंपा गया, जिसके बाद उन्होंने कमिश्नर, डीएम और एसएसपी को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की। इसी के बाद मंगलवार को पंचायत बुलाई गई, ताकि स्थानीय लोगों की बात अधिकारियों तक पहुंच सके।








