कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में एक अनोखी शादी चर्चा में है, जहां एक लड़के ने दूसरे लड़के से मंदिर में शादी कर ली। इस शादी में दुल्हन बने युवक ने साड़ी, बिंदी, चूड़ी और काजल लगाया और घुटनों के बल बैठकर प्रेमी से सिंदूर भरवाया। शादी के बाद दोनों हनीमून पर नेपाल चले गए हैं।
डेढ़ साल से थे रिलेशनशिप में, अब बने पति-पत्नी
मामला नौरंगिया थाना क्षेत्र के शीतलापुर गांव का है। यहां रहने वाले प्रेम (31) और सोनू (30) पिछले डेढ़ साल से एक साथ रह रहे थे। सोनू महराजगंज का निवासी है और दोनों किराए के मकान में साथ रहते थे। एक महीने पहले मंदिर में शादी की, जिसमें सोनू ने लड़की का रूप अपनाया और शादी के बाद खुद को ‘सोनिया’ नाम देने लगा।
विरोध के बाद बोले- अब खुद को पूरा महसूस करती हूं
शादी के बाद सोनू उर्फ सोनिया मांग में सिंदूर लगाकर घर से बाहर निकलता था और सबको बताता था,
“मैंने प्रेम से शादी कर ली है, वो मेरे पति हैं।”
स्थानीय लोगों ने जब इसका विरोध किया और कमरा खाली करने को कहा, तो सोनिया ने कहा-
“अब मुझे मेरी पहचान और प्यार दोनों मिल गया है। मैं खुद को अब पूरा महसूस करती हूं।”
प्रेम का जवाब- प्यार शरीर से नहीं, आत्मा से होता है
वहीं प्रेम ने कहा,
“प्यार शरीर से नहीं, आत्मा से होता है। हमें लोगों की सोच से कोई फर्क नहीं पड़ता।”
हालांकि समाजिक विरोध के कारण दोनों को कमरा छोड़ना पड़ा और अब वे नेपाल में हनीमून पर हैं, ऐसा स्थानीय लोगों ने बताया।
परिवारों ने तोड़ा रिश्ता, शादी का वीडियो हुआ वायरल
दोनों के परिवारों ने इस रिश्ते से खुद को अलग कर लिया है। शादी का वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, जिसके बाद यह मामला सुर्खियों में आया।
लोगों में जहां एक वर्ग इस शादी को लेकर हैरान है, वहीं कुछ लोग इसे व्यक्तिगत स्वतंत्रता का उदाहरण भी मान रहे हैं।








