अकबरपुर महिला महाविद्यालय में आयोजित करियर काउंसलिंग कार्यशाला

अकबरपुर, अंबेडकरनगर। रमाबाई राजकीय महिला महाविद्यालय में मंगलवार को करियर काउंसलिंग से संबंधित कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य और संरक्षक अरविंद कुमार वर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन कर किया।

कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को विभिन्न करियर विकल्पों, प्रतियोगी परीक्षाओं और आवश्यक तैयारी के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान करना था। इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के विद्वान प्राध्यापकों ने करियर से संबंधित विभिन्न क्षेत्रों, पदों, पाठ्यक्रम, परीक्षा प्रणाली और पैटर्न पर जानकारी दी।

प्राचार्य अरविंद कुमार वर्मा ने अपने उद्बोधन में कहा कि करियर काउंसलिंग छात्राओं की छिपी हुई प्रतिभा और क्षमता को पहचानने में सहायक होती है। उन्होंने बताया कि यह प्रक्रिया छात्रों को अपनी रुचियों, कौशल और मूल्यों के अनुसार उचित करियर विकल्प चुनने और आवश्यक शिक्षा व प्रशिक्षण प्राप्त करने में मदद करती है।

कार्यशाला में विशेष वक्ता के रूप में पंकज वर्मा ने ऑनलाइन माध्यम से छात्राओं को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) और संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की प्रतियोगी परीक्षाओं के पाठ्यक्रम, तैयारी और परीक्षा प्रणाली (प्रारंभिक, मुख्य और साक्षात्कार) के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं द्वारा पूछे गए प्रश्नों का भी समाधान किया।

इतिहास विभाग के प्राध्यापक रवीन्द्र कुमार वर्मा ने करियर काउंसलिंग की आवश्यकता और उपयोगिता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया व्यक्तियों को करियर विकल्पों की पहचान, भविष्य के निर्णय लेने और लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए रणनीति बनाने में मदद करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button