अंबेडकरनगर। कहरा सुलेमपुर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में गुरुवार को करियर मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके भविष्य से जुड़े करियर विकल्पों की स्पष्ट जानकारी देना और उन्हें नई संभावनाओं से जोड़ना रहा। इसी अवसर पर विद्यालय के नवनिर्मित मल्टीपरपज हॉल का उद्घाटन भी किया गया, जो आगे विभिन्न शैक्षणिक व सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा।
मुख्य अतिथि ने दिए करियर निर्माण के महत्वपूर्ण सुझाव
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बैंक ऑफ बड़ौदा, बरियावन शाखा के वरिष्ठ शाखा प्रबंधक अनिल कुमार सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने छात्राओं को बैंकिंग सेक्टर में उपलब्ध रोजगार अवसरों, आवश्यक योग्यताओं, परीक्षाओं और कौशल विकास पर विस्तृत जानकारी दी।
इसके साथ ही उन्होंने छात्राओं को सरकारी, निजी तथा उभरते क्षेत्रों में करियर संभावनाओं के बारे में भी बताया। कहा गया कि बदलते समय में कौशल, अनुशासन और निरंतर सीखना सबसे बड़ा निवेश है, जिसे हर छात्रा को अपनाना चाहिए।
विशेषज्ञों ने दिए विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े करियर विकल्प
करियर मेले में अधिवक्ता राजीव मिश्र ने कानून क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं, एलएलबी से लेकर न्यायिक सेवाओं तक की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने छात्राओं को बताया कि विधिक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और इसमें बेहतर अवसर मौजूद हैं।
समुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी सुमन वर्मा ने चिकित्सा एवं नर्सिंग क्षेत्र से जुड़े करियर विकल्पों, योग्यता मानकों और सरकारी योजनाओं के बारे में उपयोगी जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को स्वास्थ्य सेवाओं में महिलाओं की बढ़ती भूमिका और रोजगार अवसरों के नए आयामों से भी अवगत कराया।








