CBI अधिकारी बनकर महिला से 6.92 लाख की साइबर ठगी

  • मुरादाबाद की महिला से वाट्सऐप कॉल पर फर्जी CBI अधिकारी ने की बात
  • गिरफ्तारी का डर दिखाकर कई बार में ट्रांसफर कराए 6.92 लाख रुपये
  • पीड़िता के पति ने साइबर क्राइम थाने में दर्ज कराई शिकायत

मुरादाबाद। मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र में एक महिला से साइबर ठगों ने 6.92 लाख रुपये की ठगी कर ली। आरोपियों ने खुद को मुंबई सीबीआई का अधिकारी बताकर महिला को एफआईआर और गिरफ्तारी की धमकी दी, जिसके बाद महिला ने डर के कारण ठगों को रकम ट्रांसफर कर दी।

पीड़िता के पति राजीव शर्मा, जो बुद्धि विहार सेक्टर-2 में रहते हैं और एसी सर्विस का कार्य करते हैं, ने बताया कि 20 दिसंबर 2024 को उनकी पत्नी मोनिका शर्मा के मोबाइल पर वॉट्सऐप कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई सीबीआई का उच्च अधिकारी बताया और कहा कि मोनिका के खिलाफ एफआईआर दर्ज है और उन्हें गिरफ्तार करने पुलिस आ रही है।

डर के कारण मोनिका ने आरोपी के कहने पर अलग-अलग तिथियों में कुल 6 लाख 92 हजार रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर दिए। ठगों को पैसे देने के लिए मोनिका ने अपने गहने तक गिरवी रखे।

जब राजीव शर्मा को इस ठगी का पता चला तो उन्होंने साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई। एसपी क्राइम सुभाष चंद्र गंगवार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

Back to top button