
अम्बेडकरनगर में गोवंश आश्रय स्थलों के बेहतर संचालन और सोलर सुविधाओं की स्थापना को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और मुख्य विकास अधिकारी आनंद कुमार शुक्ला मौजूद रहे। इसमें संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा की गई।
जिले में कुल 39 स्थाई और अस्थाई निराश्रित गोवंश आश्रय स्थल संचालित हैं। इनमें से 9 स्थलों पर सोलर पावर प्लांट पहले ही स्थापित किए जा चुके हैं। जिलाधिकारी ने शेष 30 आश्रय स्थलों में जल्द सोलर पावर प्लांट लगाने के निर्देश दिए।
सोलर स्ट्रीट लाइट से बढ़ेगी सुरक्षा
बैठक में 35 आश्रय स्थलों पर सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का भी निर्देश दिया गया। अधिकारियों से कहा गया कि जरूरत के अनुसार पर्याप्त संख्या में लाइट लगाई जाएं। इससे ऊर्जा की उपलब्धता के साथ सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी।
सोलर प्लांट और स्ट्रीट लाइट की स्थापना का काम निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में गठित समिति निगरानी करेगी। समिति में जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी और परियोजना अधिकारी शामिल हैं।
बीमार पशुओं की देखभाल और सुविधाओं पर जोर
जिलाधिकारी ने सभी आश्रय स्थलों में बीमार और अस्वस्थ पशुओं की विशेष देखभाल के निर्देश दिए। उन्होंने बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
मृत पशुओं के निस्तारण को लेकर भी निर्देश दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि निर्धारित नियमों के अनुसार ही दफन की प्रक्रिया अपनाई जाए।









