- गाजीपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में गोआश्रय स्थलों की समीक्षा बैठक
- सीडीओ ने एक सप्ताह में नेपियर घास लगाने का अभियान चलाने के निर्देश दिए
- गोवंशों के लिए हरा चारा, भूसा व चोकर की मानक व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर
गाजीपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) संतोष कुमार वैश्य की अध्यक्षता में गोआश्रय स्थलों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में गोवंशों के भरण-पोषण के लिए चारागाहों में हरे चारे की उपलब्धता और व्यवस्था पर चर्चा की गई।
सीडीओ ने उप जिलाधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर नेपियर घास लगाने का अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने तहसील स्तर पर बैठक आयोजित कर गोवंशों के लिए भूसा, हरा चारा और चोकर की मानक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। जहां हरा चारा उपलब्ध नहीं है वहां तुरंत साइलेज की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए।
मानक के अनुरूप अद्यतन अभिलेख न मिलने पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को सभी खंड विकास अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया। साथ ही गोआश्रयों की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम बनाकर दैनिक फोटो और वीडियो से रिपोर्टिंग करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. अरविंद कुमार शाही, परियोजना निदेशक दीन दयाल वर्मा, जिला विकास अधिकारी सुभाष चंद्र सरोज सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।







