- लखनऊ में सुबह से छाए हैं काले बादल, कुछ इलाकों में हल्की बारिश
- अधिकतम तापमान 36°C, न्यूनतम 27°C दर्ज
- 30 जून तक रुक-रुककर बारिश और तेज हवाओं का अनुमान
लखनऊ। राजधानी लखनऊ समेत उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बुधवार सुबह से मौसम ने करवट ले ली है। आसमान में काले बादल छाए हैं और कई इलाकों में देर रात से हल्की बारिश हो रही है। पूर्वी हवाएं भी सक्रिय बनी हुई हैं। मौसम विभाग ने दिनभर रुक-रुककर बारिश की संभावना जताई है। अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री के आसपास रहने की उम्मीद है।
मंगलवार रात तेज बारिश से लोगों को मिली राहत, लेकिन उमस ने सताया
मंगलवार की देर रात हुई तेज बारिश के बाद भी दिनभर उमसभरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक रहा। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 86% और न्यूनतम 54% रही।
30 जून तक बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय हो चुका है और 30 जून तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर में बादलों की गड़गड़ाहट और तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है।
इन जिलों में भी बारिश का अलर्ट
सोनभद्र, मिर्जापुर, प्रयागराज, बहराइच, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बरेली, पीलीभीत, रामपुर, गौतमबुद्ध नगर, हापुड़, अमरोहा, गाजियाबाद, मेरठ, बागपत, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, शामली और सहारनपुर जैसे जिलों में भी बारिश और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।








