- मौसम विभाग का तेज बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट
- तापमान सामान्य से अधिक, उमस ने किया बेहाल
- मानसून के सक्रिय रहने से अगले कुछ दिन बारिश के आसार
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। दोपहर होते-होते शहर के कई इलाकों में तेज बारिश हुई, जबकि कुछ क्षेत्रों में केवल बादल छाए रहे और कई इलाकों में तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया। सुबह का मौसम साफ था, लेकिन जैसे-जैसे दिन चढ़ा, मौसम ने अलग-अलग रंग दिखाने शुरू कर दिए।
शहर में अलग-अलग समय पर बरसे बादल
-
चिनहट में सुबह करीब 10 बजे हल्की बूंदाबांदी हुई।
-
हजरतगंज में सुबह 11:00 से 11:15 बजे तक बारिश हुई।
-
गोमती नगर में दोपहर 1 बजे झमाझम बारिश शुरू हो गई।
-
वहीं, इसी वक्त बीकेटी इलाके में तेज धूप निकली रही और उमस बरकरार रही।
मौसम विभाग का अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए तेज बारिश का अलर्ट जारी किया था। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार के अनुसार, लखनऊ और आसपास के जिलों में बादलों की गरज-चमक के साथ बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा, जिससे हल्की से भारी बारिश के आसार बने रहेंगे।
तापमान और उमस का हाल
-
आज का अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
-
शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.4 डिग्री और न्यूनतम 27.2 डिग्री दर्ज किया गया था, जो सामान्य से थोड़ा अधिक था।
-
दिनभर चिपचिपी गर्मी और उमस लोगों को बेचैन करती रही।
इन जिलों में भी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने बताया है कि लखनऊ के अलावा रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव और औरैया में भी तेज बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है, खासतौर पर खुले में न रहने और सुरक्षित स्थान पर शरण लेने की चेतावनी दी गई है।








