लखनऊ। राजधानी लखनऊ में चाइनीज मांझे से कटने और घायल होने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। रविवार को ठाकुरगंज इलाके में एक बाइक सवार की नाक चाइनीज मांझे से कट गई। गनीमत रही कि समय रहते बाइक सवार संभल गया और बड़ा हादसा टल गया।
इससे एक दिन पहले शनिवार को चौक इलाके में भी एक युवक बाइक चलाते समय चाइनीज मांझे की चपेट में आ गया था। इस घटना में युवक की गर्दन में गहरा घाव हो गया। घायल की पहचान चौपटिया निवासी नजम खान (20 वर्ष) के रूप में हुई है।
गोमती नगर विस्तार में भी नहीं थम रहा खतरा
चाइनीज मांझे से जुड़ी घटनाएं सिर्फ पुराने लखनऊ तक सीमित नहीं हैं। 5 फरवरी की शाम करीब 5 बजे गोमती नगर विस्तार में एक बिजली कर्मी का गला चाइनीज मांझे से कट गया था। वहीं, इससे कुछ घंटे पहले इसी इलाके के शहीद पथ पर एक रिटायर्ड फौजी के गाल और होंठ बुरी तरह कट गए थे, जिनमें करीब 30 टांके लगाने पड़े।
4 फरवरी को गई थी एक पिता की जान
इससे पहले 4 फरवरी को पुराने लखनऊ में एक दर्दनाक हादसे में दो मासूम बेटियों के पिता की मौत हो गई थी। चाइनीज मांझे से हुए इस हादसे ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया था।
प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम बिक रहा मांझा
स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में चाइनीज मांझे पर प्रतिबंध होने के बावजूद इसकी बिक्री धड़ल्ले से जारी है। दुकानों और चोरी-छिपे बाजारों में यह आसानी से उपलब्ध है, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं।
बाइक सवार और पैदल राहगीर सबसे ज्यादा खतरे में हैं। लोगों का आरोप है कि प्रशासनिक लापरवाही के चलते प्रतिबंध सिर्फ कागजों तक सीमित रह गया है।








