नगर पालिका परिषद अकबरपुर में स्वच्छता कार्यशाला सम्पन्न

अंबेडकरनगर। नगर पालिका परिषद अकबरपुर के सभागार में गुरुवार को स्वच्छता नायकों, मॉडर्न ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट की टीम और स्वच्छता कर्मियों की कार्यशाला बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर पालिका की अधिशाषी अधिकारी बीना सिंह, अयोध्या मंडल डिविजनल डीपीएम वैभव पांडे तथा डीपीएम अंबेडकरनगर हृदयानंद यादव ने डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की समीक्षा करते हुए स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान स्वच्छता कर्मियों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसमें कचरा संग्रहण की प्रक्रिया, गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण तथा जनजागरूकता बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। कार्यक्रम में ट्रेनिंग पार्टनर मॉडर्न ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट की टीम सहित नगर के सभी स्वच्छता नायक एवं कूड़ा कलेक्शन कार्य में लगे कर्मचारी उपस्थित रहे।

शहजादपुर वार्ड का निरीक्षण, घर-घर जाकर समझाया स्वच्छता का महत्व

कार्यशाला से पूर्व अयोध्या मंडल के डिविजनल डीपीएम वैभव पांडे ने प्रातः शहजादपुर वार्ड का निरीक्षण किया। उन्होंने डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन की व्यवस्था का जायजा लिया और टीम के साथ मिलकर नागरिकों को गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण के लिए प्रेरित किया। इस दौरान ट्रेनिंग पार्टनर टीम ने स्थानीय लोगों को बताया कि गीला कचरा जैविक अपशिष्ट होता है, जिसका उपयोग खाद बनाने में किया जा सकता है, जबकि सूखा कचरा रीसाइक्लिंग के लिए अलग देना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान वार्डवासियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए एक छोटा जनसंपर्क अभियान भी चलाया गया। टीम ने घर-घर जाकर लोगों से आग्रह किया कि वे नगर पालिका की गाड़ी को पृथक कचरा ही दें, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था बेहतर बनी रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button