सीएम योगी ने स्थापित किया महर्षि चरक औषधि वन

जन्मदिन और विश्व पर्यावरण दिवस पर कुकरैल में लगाए औषधीय पौधे, यूपी में 5 करोड़ पौधरोपण अभियान शुरू

लखनऊ। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने अपने जन्मदिन और विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ में महर्षि चरक औषधि वन की स्थापना की। कुकरैल रेंज में विकसित किए गए इस विशेष औषधि वन में नीम, अर्जुन, अशोक, जामुन सहित दो दर्जन से अधिक प्रजातियों के 200 से ज्यादा औषधीय पौधे लगाए गए।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को 5, कालिदास मार्ग स्थित अपने सरकारी आवास पर पौधरोपण कर राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत की। इसके बाद वह कुकरैल पहुंचे, जहां स्कूली बच्चों के साथ औषधि वन की स्थापना में हिस्सा लिया और बच्चों को मिठाई वितरित की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 242 करोड़ से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपनी मां के नाम कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाएं।

सीएम योगी ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए सिटी फॉरेस्ट और ग्रामीण क्षेत्रों के जंगलों को विकसित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष के पौधरोपण अभियान को सफल बनाने के लिए वन विभाग ने 50 करोड़ से अधिक पौधे नर्सरियों में तैयार किए हैं।

गौरतलब है कि विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर पूरे उत्तर प्रदेश में एक दिन में 5 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button