-
मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित हुआ जनता दर्शन कार्यक्रम
-
फरियादियों से सीधे मिले सीएम योगी आदित्यनाथ
-
कई शिकायतों का मौके पर ही हुआ समाधान
लखनऊ। गुरुवार को आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आमजन से सीधे रूबरू हुए और उनकी समस्याएं सुनीं। इस बार की जनसुनवाई में राज्य शासन के उच्चाधिकारियों की मौजूदगी ने विशेष महत्व जोड़ा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई गई, तो जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान सीएम ने कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान करवाया। दो दिव्यांगों को चार्जेबल स्टिक देकर उन्हें आत्मनिर्भरता की दिशा में सहारा भी दिया। वहीं, कुछ फरियादी अपने छोटे बच्चों के साथ पहुंचे थे, जिनके प्रति मुख्यमंत्री ने आत्मीय व्यवहार दिखाया। एक बच्चे को गोद में लेकर दुलारते हुए उन्होंने दूसरे को चॉकलेट भेंट की और परिजनों से बच्चों के नियमित टीकाकरण पर ध्यान देने को कहा।
जनता दर्शन में मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, अपर मुख्य सचिव एसपी गोयल और डीजीपी प्रशांत कुमार समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता की शिकायतों का समाधान बिना देर किए किया जाए, ताकि शासन-प्रशासन में जनता का विश्वास बना रहे।








