‘370 की बिरयानी’ विवाद को लेकर घिरे कॉमेडियन प्रणित मोरे ने शनिवार को वीडियो संदेश जारी कर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। उन्होंने कहा कि वह लंबे समय से इस मुद्दे पर अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन उनका इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड होने के कारण ऐसा नहीं कर पाए।
प्रणित मोरे ने स्वीकार किया कि विवादित वीडियो के सामने आने के बाद उन्हें लोगों की नाराजगी और आलोचना का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि लोग उनसे नफरत कर रहे हैं और वह मानते हैं कि उनकी गलती के लिए यह प्रतिक्रिया स्वाभाविक है।
वीडियो संदेश में प्रणित ने बताया कि शो के दौरान दर्शकों में बैठे एक व्यक्ति ने कई आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। उस समय लोग हंस रहे थे और माहौल ऐसा बन गया था कि वह भी उसमें बह गए। उन्होंने माना कि वह चाहते तो उसी समय उस व्यक्ति को रोक सकते थे या उसकी बातों का विरोध कर सकते थे, लेकिन ऐसा नहीं करके उन्होंने उसे मंच और महत्व दे दिया।
कॉमेडियन ने कहा कि इस घटना से जिन लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं, उनसे वह दिल से माफी मांगते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वह मामले में चल रही कानूनी प्रक्रिया में जांच एजेंसियों और अधिकारियों का पूरा सहयोग कर रहे हैं।
प्रणित मोरे ने लोगों से उन्हें एक और मौका देने की अपील करते हुए कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से उन्हें काफी सीख मिली है। वह खुद को बेहतर बनाने पर काम कर रहे हैं और भविष्य में उनके कंटेंट तथा प्रस्तुतियों में इसका सकारात्मक असर दिखाई देगा।









