कानपुर। कानपुर पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए आटा और मैदा से भरे कंटेनर से 600 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है। जब्त किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 10 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने कंटेनर का करीब 15 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।
जानकारी के अनुसार, कानपुर क्राइम ब्रांच और रावतपुर थाना पुलिस को सोमवार रात इस कंटेनर के संबंध में गोपनीय सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम अलर्ट हो गई और मंगलवार सुबह करीब 5 बजे हरियाणा नंबर के एक संदिग्ध कंटेनर को चिन्हित किया गया।
पुलिस ने वाहन को रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने कंटेनर रोकने के बजाय उसकी रफ्तार बढ़ा दी। इसके बाद पुलिस ने पीछा शुरू किया और पनकी क्षेत्र से करीब 15 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद जीटी रोड पर घेराबंदी कर कंटेनर को रोक लिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि कंटेनर का मालिक खुद ही वाहन चला रहा था। उसके दो साथी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस उनकी तलाश में जुटी हुई है।









