अम्बेडकरनगर: युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी ऋषेंद्र सिंह ने मनरेगा चौपाल में कहा कि कांग्रेस मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में वापस लाने तक संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने मनरेगा कानून में बदलाव करके गरीबों और श्रमिकों के साथ विश्वासघात किया है।
ऋषेंद्र सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस की जनहितकारी योजनाओं का नाम बदलकर मनरेगा को कमजोर कर रही है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के नेतृत्व में पूरे देश में मनरेगा बचाओ संग्राम शुरू किया गया है और पार्टी इसे मजबूती से आगे बढ़ाएगी।
युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष शरद शुक्ला और पूर्व जिला अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि कानून में बदलाव दिखाता है कि भाजपा सरकार की गरीब और मजदूर विरोधी मानसिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस किसी भी कीमत पर इस बदलाव को बर्दाश्त नहीं करेगी।
पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष अकबरपुर आदित्य नारायण तिवारी ने कहा कि मनरेगा कानून गरीबों और श्रमिकों के हित में बनाया गया है और इसे कमजोर करना सामाजिक अन्याय के समान है।
शिव बाबा धाम में पूजा-अर्चना के बाद जिला कार्यकारिणी बैठक
ऋषेंद्र सिंह और शरद शुक्ला का जिला आगमन पर जोरदार स्वागत किया गया। पहले उन्होंने शिव बाबा धाम में पूजा-अर्चना की और फिर जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचकर युवा कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी की बैठक को संबोधित किया। तत्पश्चात् अकबरपुर के विजय गांव वार्ड में मनरेगा बचाओ चौपाल का आयोजन किया गया।








