- पवन खेड़ा बोले- पाकिस्तान को जानकारी देना “अपराध”
- राहुल गांधी ने विदेश मंत्री की चुप्पी को बताया “निंदनीय”
- विदेश मंत्रालय ने कहा- तथ्यों को तोड़ा-मरोड़ा गया
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने सोमवार को एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ऑपरेशन सिंदूर को लेकर केंद्र सरकार और विदेश मंत्री एस. जयशंकर पर तीखा हमला बोला। खेड़ा ने आरोप लगाया कि जयशंकर ने खुद स्वीकारा कि एयर स्ट्राइक से पहले पाकिस्तान को जानकारी दी गई थी। उन्होंने इसे “गलती नहीं, अपराध” करार देते हुए सवाल उठाया कि इससे भारत को कितने विमान गंवाने पड़े।
राहुल गांधी ने फिर साधा निशाना
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर विदेश मंत्री की चुप्पी पर नाराजगी जताई। उन्होंने पूछा, “उन्हें ऐसा करने का अधिकार किसने दिया? इससे हमारी वायुसेना को कितना नुकसान हुआ?” इससे पहले शनिवार को भी राहुल गांधी ने एक न्यूज चैनल का वीडियो शेयर कर जयशंकर पर पाकिस्तान को पहले से जानकारी देने का आरोप लगाया था।
ये भी पढ़ें-‘ऑपरेशन सिंदूर’ और भारत-पाक संघर्ष पर मिलेगी पूरी जानकारी
विदेश मंत्रालय ने आरोपों को किया खारिज
राहुल गांधी के आरोपों के जवाब में विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है। मंत्रालय ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के पहले चरण में पाकिस्तान को कोई जानकारी नहीं दी गई थी, बल्कि हमले के बाद उन्हें चेतावनी दी गई थी।
वहीं, डीजीएमओ लेफ्टिनेंट जनरल राजीव घई ने कहा कि ऑपरेशन शुरू होने के बाद पाकिस्तान को आतंक के अड्डों पर हमले की चेतावनी दी गई थी, जिस पर पाकिस्तान ने बातचीत से इनकार कर जवाबी कार्रवाई की धमकी दी।








