संभल थाने की बैरक में सिपाही आशीष वर्मा की मौत, जांच जारी

संभल। गुन्नौर कोतवाली के थाने की बैरक में शुक्रवार रात 24 साल के सिपाही आशीष वर्मा की लाश मिली। आशीष के कान में ईयरबड लगे थे और गले में रस्सी थी, जो खिड़की से बंधी हुई थी। उनका शव जमीन पर बैठे हुए अवस्था में पाया गया। पास में मोबाइल और चार्जर पड़ा था।

आशीष, शाहजहांपुर के रहने वाले थे और 2023 में यूपी पुलिस में भर्ती हुए थे। वे संभल हिंसा के दौरान घायल भी हुए थे।

सिपाही के रिश्तेदार क्रांति कुमार ने कहा कि आशीष आत्महत्या नहीं कर सकता। वहीं, पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह आत्महत्या का मामला हो सकता है। हालांकि, कारण स्पष्ट नहीं है और जांच जारी है।

थाने में शव मिलने के बाद अफरातफरी मच गई। वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई और बैरक को सील कर फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू की। दो बैग्स को भी कब्जे में लिया गया।

सूचना मिलते ही आशीष का परिवार मौके पर पहुंचा। मां कमला देवी बेटे का शव देखकर बेहोश हो गईं, जबकि बहनों का रो-रोकर बुरा हाल था। परिवार के अनुसार गुरुवार शाम आशीष ने घर कॉल किया था और काफी खुश दिखाई दे रहे थे।

आशीष के परिवार में मां, बुआ और पांच बहनें हैं। वे इकलौता भाई थे। उनके पिता रघुवीर वर्मा यूपी पुलिस में कांस्टेबल थे और 2018 में निधन हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button