
अम्बेडकरनगर। जनपद की सभी 38 गौशालाओं में गो संवर्धन एवं गौ सेवा दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत पशु चिकित्सा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, पशुधन प्रसार अधिकारी तथा जिले से नामित नोडल अधिकारियों ने सहभागिता की। अधिकारियों की टीमों ने गौशालाओं का भ्रमण कर वहां उपलब्ध आवश्यक सुविधाओं का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लिया।
गोवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार
आयोजन के दौरान पशु चिकित्सा अधिकारियों ने गौशालाओं में संरक्षित गोवंशों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। बीमार पाए गए गोवंशों का मौके पर ही उपचार किया गया। अधिकारियों ने गोवंशों के स्वास्थ्य, पोषण और देखरेख से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जनपद में 4996 गोवंश संरक्षित
अधिकारियों के अनुसार जनपद की सभी गौशालाओं में वर्तमान में कुल 4996 गोवंश संरक्षित हैं। सभी गौशालाओं में गोवंशों के लिए पर्याप्त मात्रा में भूसा, पशु आहार और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इसके साथ ही हरा चारा भी नियमित रूप से गोवंशों को खिलाया जा रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान दिया जा सके।









