अम्बेडकरनगर। अम्बेडकरनगर में साइबर ठगी के एक मामले में साइबर क्राइम पुलिस थाना की त्वरित कार्रवाई से पीड़ित को राहत मिली है। पुलिस ने ठगी गई 74,261 रुपये की धनराशि को फ्रीज कराकर बाद में पीड़ित के बैंक खाते में वापस कराया।
पुलिस के अनुसार, 9 फरवरी 2026 को शिकायत संख्या 33102260030351 के तहत दाउदपुर निवासी प्रवेश पटेल ने साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उन्होंने गूगल पर एक कंपनी का कस्टमर केयर नंबर खोजा था। सर्च में मिले नंबर पर संपर्क करने के बाद ठगों ने खुद को कंपनी का प्रतिनिधि बताकर झांसे में लिया और खाते से धनराशि निकलवा ली।
मामले की जानकारी मिलते ही साइबर क्राइम पुलिस थाना ने तत्काल कार्रवाई की। जांच के दौरान ठगी की गई 74,261 रुपये की रकम को संबंधित लाभार्थी खाते में फ्रीज कराया गया। बाद में न्यायालय के आदेश पर पूरी धनराशि पीड़ित के बैंक खाते में वापस कर दी गई।
एसपी की अपील
पुलिस अधीक्षक प्राची सिंह ने बताया कि किसी भी कंपनी का कस्टमर केयर नंबर केवल उसकी आधिकारिक वेबसाइट से ही प्राप्त करें। गूगल सर्च में दिखाई देने वाले अज्ञात मोबाइल नंबरों पर संपर्क करने से साइबर ठगी का खतरा बढ़ सकता है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बैंक खाते की व्यक्तिगत और गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। खाते से धोखाधड़ी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कर नजदीकी थाने से संपर्क करें।









