बांदा। बांदा जिले के बदौंसा थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। थाने के भीतर एक पिता ने अपनी 19 वर्षीय बेटी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, युवती ने 18 मई को अपने परिचित युवक के साथ अपनी इच्छा से विवाह किया था। इसके बाद परिवार की शिकायत पर पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को दोनों को मध्य प्रदेश से बरामद कर बदौंसा थाने लाया गया था। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही थी और दोनों पक्षों के परिजनों को भी थाने बुलाया गया था।
पूछताछ के दौरान युवती और युवक ने अपनी मर्जी से विवाह करने की बात कही। इसी बीच परिवार के साथ बातचीत और समझाइश का प्रयास किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक, बातचीत के दौरान पिता अपनी बेटी के विवाह को लेकर नाराजगी जता रहा था।
इसी दौरान पिता ने युवती पर हमला कर दिया। घटना के बाद थाने में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मी तत्काल युवती को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना को देखकर युवती की मां की तबीयत भी बिगड़ गई।
मृतका की पहचान शिवानी (19) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, शिवानी और ललित वर्मा एक-दूसरे को लंबे समय से जानते थे और हाल ही में उन्होंने विवाह किया था। दोनों के विवाह संबंधी दस्तावेज भी पुलिस को उपलब्ध कराए गए थे।









