लखनऊ के इकाना स्टेडियम में बुधवार को भारत और अफगानिस्तान के बीच वनडे इंटरनेशनल मुकाबला खेला जा रहा है। दोपहर 1:30 बजे शुरू हुए मैच को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। भीषण गर्मी और तेज धूप के बावजूद बड़ी संख्या में फैंस स्टेडियम पहुंच रहे हैं।
स्टेडियम के बाहर रोहित शर्मा और विराट कोहली की जर्सियों की खूब बिक्री हो रही है। फैंस 200 से 300 रुपए तक में अपनी पसंदीदा खिलाड़ियों की जर्सी खरीद रहे हैं। मैच को लेकर युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखा गया।
भारत के दिग्गज क्रिकेटरों के सुपरफैन भी मुकाबला देखने इकाना पहुंचे हैं। सचिन तेंदुलकर और महेंद्र सिंह धोनी के प्रशंसकों ने अपनी अलग पहचान के साथ दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। वहीं रोहित शर्मा के पूर्व पर्सनल नेट बॉलर रहे शिवपाल सिंह देवड़ा भी पुणे से लखनऊ मैच देखने पहुंचे।
मैच शुरू होने के समय लखनऊ का तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं के बावजूद क्रिकेट प्रेमियों का उत्साह कम नहीं हुआ। कई दर्शक गर्मी से बचने के लिए गमछा और टोपी पहनकर स्टेडियम पहुंचे।









