लखनऊ। रक्षा मंत्री Rajnath Singh की फ्लीट शुक्रवार शाम लखनऊ में निर्धारित मार्ग से भटक गई। यह घटना उस समय हुई जब रक्षा मंत्री सीतापुर रोड स्थित कथा स्थल से शहर की ओर लौट रहे थे। फ्लीट के गलत दिशा में जाने से कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे रक्षा मंत्री जगद्गुरु रामभद्राचार्य की कथा में शामिल होने के बाद शहर की ओर लौट रहे थे। तय रूट के मुताबिक फ्लीट को इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे से फ्लाईओवर पर चढ़ना था, लेकिन आगे चल रही गाड़ी के चालक की चूक के कारण पूरा काफिला नीचे के मार्ग से टेढ़ी पुलिया चौराहे की ओर निकल गया।
जब वीवीआईपी फ्लीट टेढ़ी पुलिया चौराहे पर पहुंची तो वहां मौजूद पुलिस और ट्रैफिक कर्मियों में हलचल मच गई। सुरक्षा कर्मी तत्काल सक्रिय हुए और चौराहे पर यातायात रोककर बैरिकेडिंग हटाई गई। इसके बाद फ्लीट को वापस इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे की ओर मोड़ा गया।
बताया जा रहा है कि रक्षा मंत्री के आवागमन को देखते हुए मुंशी पुलिया की ओर जाने वाले मार्ग पर पहले से ही यातायात नियंत्रित किया गया था। ऐसे में काफिले के गलत दिशा में पहुंचने पर सुरक्षा अधिकारियों ने तत्काल स्थिति संभाली।
इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर लौटने के बाद फ्लीट निर्धारित मार्ग पर पहुंची और फ्लाईओवर से आगे रवाना हुई। इस दौरान टेढ़ी पुलिया, मुंशी पुलिया और इंजीनियरिंग कॉलेज क्षेत्र में कुछ मिनटों तक यातायात प्रभावित रहा।
हालांकि इस घटना के दौरान किसी प्रकार की सुरक्षा चूक या अप्रिय स्थिति की सूचना नहीं है। अधिकारियों ने समय रहते फ्लीट को सही मार्ग पर पहुंचा दिया।









