नई दिल्ली : नई दिल्ली के ईस्ट ऑफ कैलाश इलाके में 22 वर्षीय युवती की हत्या से सनसनी फैल गई है। मृतका इंजीनियरिंग ग्रेजुएट थी और संघ लोक सेवा आयोग की तैयारी कर रही थी। पुलिस के अनुसार, युवती के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर मोबाइल चार्जर के केबल से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के समय वह घर में अकेली थी, जबकि उसके माता-पिता बाहर गए हुए थे।
जानें पूरा मामला
जांच में पुलिस ने आरोपी राहुल मीणा को गिरफ्तार किया है, जो पहले उसी घर में घरेलू सहायक के रूप में काम करता था। उसे करीब डेढ़ महीने पहले नौकरी से निकाला गया था। पुलिस के मुताबिक आरोपी को घर की दिनचर्या और सुरक्षा व्यवस्था की पूरी जानकारी थी, जिसका उसने फायदा उठाया। वारदात के बाद वह करीब 2.5 लाख रुपये लेकर फरार हो गया, लेकिन मोबाइल लोकेशन और डिजिटल ट्रैकिंग के आधार पर उसे द्वारका के एक होटल से पकड़ लिया गया।
सीसीटीवी फुटेज में आरोपी सुबह करीब 6:28 बजे घर की ओर जाता और 7:22 बजे बैग लेकर निकलता दिखाई दिया है। पुलिस के अनुसार पूरी वारदात करीब 50 से 55 मिनट के भीतर अंजाम दी गई। जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि आरोपी ने इससे पहले Alwar में भी एक महिला के साथ दुष्कर्म किया था और वहां से भागकर दिल्ली पहुंचा था। इससे आरोपी की आपराधिक प्रवृत्ति पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस ने इस मामले में दुष्कर्म, हत्या और लूट की धाराओं में केस दर्ज किया है और विस्तृत पूछताछ जारी है। प्रारंभिक जांच में नौकरी से निकाले जाने का गुस्सा और व्यक्तिगत रंजिश को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि अंतिम निष्कर्ष जांच के बाद ही सामने आएगा।









